जिले में दो चरणों के पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला प्रशासन तीसरे चरण के मतदान की तैयारी में जुटा है। 17 को अछल्दा ब्लाक में होने वाले तीसरे चरण के चुनाव को आज चुनाव प्रचार थम जाएगा। वहीं मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने को एक दिन पूर्व ही पोलिंग टीमों को रवानगी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अछल्दा ब्लाक में तृतीय चरण के होने वाले क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए 17 अक्तूबर को होने वाले चुनाव को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिलाधिकारी एके सिंह ने नियमावली जारी कर दी है। इसके तहत 48 घंटे पूर्व अर्थात 15 अक्तूबर की शाम पांच बजे से लाउडस्पीकरों का शोर थम जाएगा।
साथ ही उम्मीदवारों के लिए जारी आदर्श आचार सहिता के निर्देशों के तहत टीवी, केबिल चैनल, रेडियो, प्रिंट मीडिया, सार्वजनिक सभा व चुनाव प्रचार बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं 17 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए 16 अक्तूबर को ब्लाक स्थित श्री देहाती इंटर कालेज नेविलगंज से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आदर्श आचार सहिता के अनुपालन के लिए जारी किए गए आदेश में उम्मीदवार द्वारा मतदाताओं को बूथ तक लाने/वापस ले जाने के लिए वाहन का उपयोग पूर्णतया वर्जित किया गया है। साथ ही मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में अनावश्यक भीड़ न लगाए जाने के भी निर्देश शामिल हैं। आदेश में जनपद के बाहर के व्यक्ति को मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व जिला छोड़ देने के निर्देश दिए गए हैं।
यही नहीं मतदान के दिन केवल उम्मीदवार को अनुमति प्राप्त एक ही वाहन का उपयोग करने के निर्देश हैं। जिसमें प्रत्याशी अथवा निर्वाचन अभिकर्ता वाहन चालक सहित उपस्थित रह सकेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।