औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के भरसेन गांव निवासी व झांसी में तैनात एक दरोगा के बंद घर से चोरों ने छत के रास्ते घुसकर अंदर कमरों में रखी अलमारी व बक्से के ताले काटकर नकदी समेत 15 लाख के आभूषण पार कर दिए। घटना के समय गृहस्वामिनी 26 सितंबर को अपने बीमार पुत्र को देखने कानपुर गईं हुईं थीं। शुक्रवार को जब वापस लौटीं तो घर में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की।
भरसेन निवासी उमेश सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह भदौरिया ने कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि उसके पिता झांसी जनपद में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसका पैतृक घर भरसेन में हैं। वर्तमान में वह कानपुर में एक कंपनी में काम करता है, साथ ही आवास विकास केशवपुरम थाना कल्याणपुर कानपुर नगर में रहता है। गांव में उसकी मां रहती हैं।
विज्ञापन
बताया कि मां 26 सितंबर को कानपुर आ गईं थीं। इसी बीच चोरों ने छत के रास्ते घर में उतरकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर के कमरों का कुंडा काटकर अंदर रखी अलमारी के लॉकर व बक्से के ताले काट दिए। साथ ही उनमें रखी आठ हजार रुपये नकदी के अलावा मां व पत्नी के सोने-चांदी के आभूषण पार कर ले गए। मां के वापस लौटने पर चोरी की जानकारी हुई।
कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही जांच पड़ताल की गई। फोरेंसिक टीम ने सैंपल भी जुटाए। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।