अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर में मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी व जेवर समेट लिया। इसी दौरान एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उससे पूछताछ की। आरोपी को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सबलपुर में श्याम सिंह तोमर अपनी पत्नी शिव देवी के साथ रहते है। उनका पुत्र हीरा सिंह गांव के बाहर बाग में अपना मकान बनवाकर अपने परिवार के साथ रहता है। रविवार की शाम श्याम सिंह घर पर ताला लगाकर पत्नी के साथ रात में पुत्र के घर खाना खाने गए थे।
करीब एक घंटे बाद जब दंपती वापस लौटकर अपने घर पहुंचे तो उन्हें ताला टूटा मिला। उन्होंने घर के अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा था। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने भागते हुए चोरों में से एक चोर आजाद निवासी सबलपुर को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को ग्रामीणों ने चोर को सौंप दिया। श्याम सिंह ने बताया कि चोर उसके घर से नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए हैं।
अजीतमल कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए चोर को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया है। कुछ सामान बरामद कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।