औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाॅलीटेक्निक स्कूल के पास ब्रह्मदेव रोड पर स्थित जनरल स्टोर की दुकान का बीती रात चोरों ने शटर काटकर दुकान में रखी नकदी व सामान पार कर दिया। सुबह टहलने निकले लोगों की सूचना पर पहुंचे दुकानदार ने पुलिस को चोरी की सूचना दी।
दिबियापुर थाना क्षेत्र निवासी महासुख राजपूत ब्रह्मदेव रोड पर पाॅलीटेक्निक के पास जनरल स्टोर व खानपान की दुकान किए हुए हैं। गुरुवार शाम को वह रोज की भांति दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। तभी देर रात चोरों ने उनकी दुकान का शटर काटकर उसमें रखी गोलक से नकदी समेत सामान पार कर दिया। सुबह उधर से टहलने निकले ग्रामीणों ने जब दुकान का शटर खुला और सामान बिखरा देखा तो दुकान मालिक को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित दुकान मालिक ने बताया कि चोर उनकी दुकान में रखी गोलक में काम के लिए रखी 50 हजार रुपये की नकदी व एक लाख रुपये का अन्य सामान पार कर ले गए। वहीं व्यापारियों ने बताया कि इस रोड पर पहले भी चोरियां हो चुकी हैं।
इससे लोगों में दहशत हैं। उन्होंने चोरी का जल्द खुलासा करने व रात्रि गश्त तेज करने मांग की है। इस संबंध में दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कहा कि घटना का जल्द खुलासा होगा।