औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर करमपुर ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार बाइक आगे खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पेट्रोलिंग कर रही पुलिस ने दोनों घायलों को 50 शैया जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया।
कानपुर देहात जनपद के सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव रजौली निवासी वीरेंद्र सिंह (51) पुत्र भैरव प्रसाद अपने साथी हरदयाल (40) पुत्र लक्ष्मण के साथ अजीतमल क्षेत्र के अंतर्गत हड्डी संबंधित दवा लेने के लिए गांव प्रतापपुर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह कोतवाली क्षेत्र के गांव करमपुर ओवर ब्रिज के समीप पहुंचे ही थे। तभी आगे खड़ी पिकअप में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी। इससे बाइक सवार वीरेंद्र व हरदयाल दोनों लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने घटना की जानकारी हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से ले जाकर शहर स्थित 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। वहीं डॉक्टर ने हरदयाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि वीरेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते कानपुर के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र राठी ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।