रेट से ज्यादा शराब बिक्री करने पर होगा मुकदमा
-जिलाधिकारी के आदेश पर सर्किल स्तर पर तीन सदस्यीय टीमें कर रही निरीक्षण
-एक सप्ताह चलेगा अभियान, शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शराब की तय रेट पर बिक्री सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने तहसील स्तर पर तीन टीमें गठित करते हुए ठेकों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को अजीतमल क्षेत्र के 12 से अधिक शराब की दुकानों की जांच की गई। स्टाक मिलान से लेकर दुकान के बाहर चस्पा रेट सूची टीम ने देखी। साथ ही निर्देश दिए कि तय रेट से ज्यादा पर शराब बेची तो सेल्समैन व अनुज्ञापी पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने शराब की मानक के तहत बिक्री को सुनिश्चित कराने के लिए तीन टीमें गठित की है। इसमें सर्किल के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व आबकारी निरीक्षक को शामिल किया गया है। गुरुवार से टीमें ठेकों पर जांच कर रही है। शुक्रवार को भी कई स्थानों पर छापामारी कर हकीकत जांची गई। एक सप्ताह चलने वाले इस अभियान की फाइनल रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। यहां मिलने वाली खामियों का जिक्र भी किया जाएगा। दोषी सेल्समैन व अनुज्ञापी पर मुकदमा दर्ज कराने से लेकर जेल भेजने तक के निर्देश हैं। ऐसे में निरीक्षण के दौरान ठेका संचालकों में खलबली देखने को मिल रही है। शुक्रवार दोपहर अजीतमल उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी भरत पासवान व आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार ने सर्किल के कई ठेकों का निरीक्षण किया। यहां रेट सूची दुकानों पर चस्पा कराई गई। शराब की बिक्री करने वाले लोगों से पूछताछ करते हुए दाम की जानकारी की गई। अनुज्ञापी से लेकर सेल्समैन को हिदायत भी दी गई। जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर शराब बिक्री के मानकों को जांचा जा रहा है।