औरैया। शहर के दिबियापुर रोड से लेकर चौराहों, नाकों समेत बाजार के संकरे मार्गों पर सोमवार को पूरे दिन जाम जैसे हालात रहे। सड़क पर वाहन रेंगते हुए चले। हार्न की आवाज पर किसी तरह जाम में फंसे वाहन निकले। नाकों पर तैनात यातायात पुलिस ने मशक्कत कर जाम खुलवाया।
शहर के सुभाष चौक पर पूरे दिन जाम जैसे हालात रहे। यहां पर तैनात यातायात पुलिस बारी-बारी वाहनों को निकलवाने की जद्दोजहद करती रही। दिबियापुर रोड पर तहसील गेट से सराफा बाजार और जिला जजी को जाने वाली रोड पर पूरे दिन रुक-रुक कर जाम लगता रहा। वाहन चालक हार्न बजाकर नाराजगी जताते रहे। इस दौरान पुलिस ने मोर्चा संभाला।
किसी तरह एक-एक करके वाहन निकाले गए। यातायात प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि जाम के हालात न बने इसे लेकर अतिक्रमण करने वाले लोगों को सचेत किया गया है। नाकों पर तैनात पुलिस लगातार स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयास में जुटी रही।