बिधूना। बिधूना सब स्टेशन से अछल्दा जाने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन की मरम्मत से सोमवार को अछल्दा कस्बा समेत ग्रामीण अंचलों में छह घंटे बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ता उमस भरी गर्मी से परेशान रहे।
अछल्दा ब्लॉक के पसुआ गांव के पास बिजली के खंभे झुक गए थे। इससे लटकते तार खतरा बने थे। स्थानीय लोग काफी समय से मांग कर रहे थे। इस पर विभाग ने सोमवार को इलाके में मरम्मत के चलते बिजली कटौती करने का फैसला लिया। सोमवार को दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल रही। ठीक 12 बजे ही बिजली काट दी गई। बाद में विभाग के अफसर कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कार्य शुरू किया। इस दौरान कर्मचारियों ने पुराने झुके खंभों को हटाकर नए खंभे लगाए। यह काम शाम छह बजे तक चला।
ऐसे में इससे अछल्दा उपकेंद्र से जुड़े रुरुगंज, गुनौली, मुहम्मदाबाद सहित अन्य फीडरों से जुड़े सैकड़ों गांवों और कस्बे की सप्लाई ठप रही। इस कारण उपभोक्ताओं को दुश्वारी झेलनी पड़ी। अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते बिजली कटौती की गई थी। शाम को बाधित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।