कंचौसी। असेनी पावर हाउस से जुडी बिहारीपुर उपकेंद्र की 33 केवीए की लाइन में बुधवार को ब्रेकडाउन हो गई। इससे कस्बे के साथ क्षेत्र के फीडर से जुड़े 12 गांवों में बिजली लगभग छह घंटे सप्लाई ठप रही। इधर, सब्जी मंडी में पांच दिन बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया।
बुधवार दोपहर में कंचौसी-ककोर के बीच से असेनी से आई 33 केवी की हाईटेंशन लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इससे बिहारीपुर उपकेंद्र की बिजली ठप हो गई थी। बिहारीपुर उपकेंद्र से जुड़े कंचौसी, रोशनपुर, चमरौआ, जमौली, बिहारीपुर, कंचौसी गांव, प्रसाद पुरवा, बिनपुरापुर, मेंस सहायपुर, चंद्रपुर समेत 12 गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
कस्बा कंचौसी की पुरानी सब्जी मंडी इलाके में खराब ट्रांसफार्मर बदल कर लगा जाने के बावजूद मोहल्ले की सप्लाई पांच दिनों से ठप है। इससे नाराज लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों ने जल्द ही सप्लाई चालू करने की मांग विभागीय अधिकारियों से की है। इस संबंध में जेई सतीश जायसवाल ने बताया कि 33 केवी लाइन ब्रेक डाउन से बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। इस पर कर्मचारियों को भेजकर दुरुस्त करा दिया गया है।
नौगवां फीडर में भी फॉल्ट से सप्लाई ठप
इसके साथ ही कंचौसी के नौगवा फीडर की सप्लाई फाल्ट के चलते रात दो बजे से पूरे दिन बाधित रही। इससे क्षेत्र के पुरवा महिपाल, नौगवा, विजई पुरवा, सुंदरपुर हरतौली सुखमपुर आदि दर्जनों गावों के लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। पेयजल किल्लत और मोबाइल चार्जिंग की समस्या खड़ी हो गई।गुरुवार की देर शाम तक बिगड़ी लाइट सही नहीं हो सकी, जिससे लोगों में गुस्सा है।