कंचौसी। कस्बे के लोगों को बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। बिहारीपुर उपकेंद्र से जुड़े ढिकियापुर गांव की लाइन में आए फॉल्ट से करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोग परेशान रहे।
पिछले तीन दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इस कारण विभिन्न स्थानों पर फॉल्ट हो रहे हैं। शनिवार शाम को बिहारीपुर उपकेंद्र व असेनी लाइन में फॉल्ट आई थी। इससे बिहारीपुर उपकेंद्र से कंचौसी कस्बा समेत आसपास के गांवों व असेनी पावर हाउस से जुड़े नौगवा फीडर में भी दिक्कत आई। इससे जुड़े पुरवा महिपाल, बट्टहा, विजई पुरवा, हरतौली, कनमऊ, अमरपुर, सुंदरपुर, रंजीतपुर, मधवापुर, मढ़नई आदि गांवों में भी फॉल्ट के चलते बिजली गुल हो गई।
दोनों फीडरों में कर्मचारी फॉल्ट को दुरुस्त करने में जुटे रहे। बिहारीपुर उपकेंद्र की लाइन में करीब पांच घंटे तो असेनी पावर हाउस की लाइन में दो घंटे बाद कर्मचारी फॉल्ट खोज पाए। अवर अभियंता सतीश जायसवाल ने बताया कि फॉल्ट के कारण परेशानी हुई थी। बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।