ऐरवाकटरा। सड़क दुर्घटना में मौत होने के बाद डेयरी संचालक का शव शुक्रवार को घर पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया। घायल गर्भवती पत्नी का सैफई में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गांव उमरैन निवासी डेयरी संचालक योगेंद्र पाल(21) की इटावा के सैफई में हवाई पट्टी के पास गुरुवार दोपहर को कार की टक्कर से मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह शव पैतृक गांव पहुंचा तो मां इंद्रवती रो-रोकर बेहाल हो गई। परिजनों ने गांव में ही नम आंखों से योगेंद्र का अंतिम संस्कार किया। बड़े भाई संजीव पाल ने बताया कि योगेंद्र की शादी अप्रैल 2022 में रेनू के साथ हुई थी। बहू के आठ माह की गर्भवती होने से भाई गुरुवार को डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए इटावा जा रहा था। सैफई हवाई पट्टी के पास तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बहू भी घायल हो गई थी।