दिबियापुर। क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को मई माह में बिजनौर का युवक बहलाकर ले गया था।
पुलिस ने किशोरी को खोजकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी का आरोप है कि उसने दिल्ली में रखकर दुष्कर्म किया।
किशोरी छह मई की शाम गांव में ही शौच के लिए गई थी। फिर घर नहीं लौटी। आठ मई को किशोरी के भाई ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने किशोरी 12 अगस्त को रेलवे स्टेशन फफूंद में मिलना दिखाया। उपनिरीक्षक मेवालाल के अनुसार, किशोरी ने न्यायालय में दिए बयानों में बताया कि समीर पुत्र इंतजार निवासी धामपुर नई बस्ती बिजनौर अपने साथ ले गया था।
आरोपी ने उसे तीन महीने तक दिल्ली में रखा और इस दौरान लगातार दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक औरैया में एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। इसी दौरान पीड़िता के संपर्क में आया था। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने समेत पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि आरोपी समीर को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।