सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिचौली निवासी युवक ने पढ़ाई करने के लिए मां के डांटने पर जहर खाकर जान दे दी। शुक्रवार को युवक घायलावस्था में इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में मिला। पुलिस ने उसे सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती करवाकर परिजनों को सूचना दी। डाक्टरों के रेफर करने पर परिजन उसे सैफई लेकर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक के बाबा ने तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को एक युवक हाईवे पर घायलावस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंचे चीता मोबाइल सिपाहियों ने युवक को गंभीर हालत में सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर तलाशी के दौरान उसके पास मिले कागजों से परिजनों को सूचना दी गई। डाक्टरों ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सैफई ले जाने लगे तभी रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
मामले में मृतक के बाबा मोहन लाल ने तहरीर देते हुए बताया कि उनका नाती पुष्पेंद्र राठौर (18) पुत्र अवधेश कुमार का किसी से कोई झगड़ा या रंजिश नहीं थी। हालांकि कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मृतक ने मरने से पहले पुलिस व परिजनों को बताया कि उसके घर वालों ने पढ़ाई को लेकर उसकी डांट लगा दी थी। जिससे उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
--