दिबियापुर। कंचौसी क्षेत्र के गांव मधवापुर में एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों एवं गंभीरावस्था में परिजन दिबियापुर सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। गले में रस्सी के निशान होने से माना जा रहा है कि मृतक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि परिजन कुछ भी बोलने से बचते रहे।
सोमवार सुबह कंचौसी क्षेत्र के गांव मधवापुर निवासी उदयवीर अपने बेटे मोहन (24) को संदिग्ध अवस्था में गंभीर हालत में दिबियापुर सीएचसी लेकर पहुंचे। उनके साथ अन्य परिजन भी थे। यहां पर चिकित्सकों ने मोहन को मृत घोषित कर दिया। इस बीच परिजन शव को सीएचसी से ले जाने लगे, लेकिन सीएचसीकर्मियों ने संदिग्ध मौत देख दिबियापुर थाना पुलिस को सूचना दी। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, उपनिरीक्षक ज्ञानेंद्र एवं पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। यहां परिजनों से जानकारी ली। हालांकि परिजन कुछ भी बताने से बचते रहे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मृतक के गले में फांसी के फंदे के निशान होने के कारण माना जा रहा है कि युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कारण स्पष्ट हो सकेगा।