औरैया। थाना क्षेत्र के गांव आशा में बृहस्पतिवार को एक युवक ने गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटक कर जान दे दी। दो दिन पहले अपनी पत्नी को मायके छोड़ कर लौटा था। परिजन का आरोप है कि ससुराल में हुए अपमान के कारण वह मानसिक तनाव में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव आशा निवासी मुकेश बाल्मीकि (30) पत्नी अनीता देवी को उसके मायके कानपुर देहात स्थित थाना डेरापुर के गांव मुंगीसापुर छोड़ने गया था। मृतक की भाभी रीना देवी ने बताया कि ससुराल में मुकेश के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उसे काफी बेइज्जत किया गया। दो दिन पहले वह गांव वापस आ गया। इसके बाद से वह काफी गुमसुम और परेशान रहने लगा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया। दोपहर में खेत पर काम कर रहे एक किसान ने गांव के बाहर मुकेश का शव लटका देखा। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक हेमंत चौधरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन ने ससुराल पक्ष पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।