औरैया महोत्सव में शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र व खादी ग्रामोद्योग के तत्वाधान में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं व कैरियर गाइडेंस की एक दिवसीय कार्यशाला में मौजूद बच्चाें को सच्ची लगन का पाठ पढ़ाया गया। वक्ताओं ने भविष्य में सफलता के मूल मंत्र बताए।
मुख्य विकास अधिकारी शिवराज यादव ने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से इस ओर सच्ची लगन के साथ कदम बढ़ाए जाने की अपील की। गेल पाता के अधिकारी केसी पांडेय ने कहा कि अच्छे-बुरे कर्म का स्वयं मंथन कर आंकलन करें तो हमें हमारी गतिविधियों के बारे में जबाव मिल जाता है।
उन्होंने युवाओं को जनपद में कच्चे माल के संयंत्र लगाए जाने को प्रेरित किया। तिलक महाविद्यालय के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर डा.अधीर गुप्ता ने कहा कि सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता है। छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें दूसरे के दोष देखने की बजाए अपनी मेहनत पर ध्यान देना चाहिए।
महोत्सव में जिला विज्ञान क्लब की ओर से आयोजित एक दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने फीता काटकर शुभारंभ किया। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने सोलर सिस्टम, डेंजर अलार्म, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सहित विज्ञान की नवीनतम तकनीकियों का प्रदर्शन किया।
लखनऊ के दूरदर्शन कलाकार व जादूगर सम्राट जादूगर देव ने हैरतंगेज कारनामे दिखाकर उपस्थित लोगों को आश्चर्य चकित कर दिया। वहीं पपिट शो भी बच्चों द्वारा खूब सराहा गया। बाद इसके ब्रज बिहार कोसीकला मथुरा के कलाकारों ने ब्रज के गीतों की महोत्सव के मच पर छठा बिखेरी।