ककोर। सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत धमसैनी में बनवाए गए अंत्येष्टि स्थल की दीवार पहली बारिश में ही भरभरा कर ढह गई।
विकास खंड औरैया क्षेत्र की ग्राम पंचायत धमसैनी में सूत्रों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 से वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में बनाए गए अंत्येष्टि स्थल का भुगतान जिम्मेदारों के द्वारा बिना मानकों की जांच किए ही कर दिए गए।
ग्रामीण राजेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, अजीत सिंह, सत्यनारायण तथा ओमप्रकाश ने बताया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर जिम्मेदार सजग नहीं हैं। इसका जीता जागता उदाहरण ग्राम पंचायत में निर्मित कराए गए अंत्येष्टि स्थल की बाउंड्रीवाॅल है। बताया कि इस वर्ष की पहली बारिश में ही दीवार जमींदोज हो गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में छह जून को अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्य के नाम से लगभग 12 लाख रुपये का इस्टीमेट था। इतनी रकम इस स्थल पर खर्च तो कर दिया गया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बाउंड्रीवॉल तथा अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में हुई मानकों की अनदेखी को लेकर जांच की मांग की है।