फफूंद। भाग्यनगर ब्लॉक क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में बन रहे एक आरआरसी सेंटर की दीवार और गेट गांव निवासी एक युवक ने गिरा दिया। युवक की इस हरकत से परेशान ग्राम प्रधान और सचिव ने उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत करही के राजस्व गांव करही में सरकार की एसडब्लूएम योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारा कूड़ा कलेक्शन केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। केंद्र की दीवारें बनने के बाद उसमें गेट भी लगवा दिया गया था। मंगलवार रात किसी समय गांव निवासी एक युवक ने गेट और दीवार गिरा दी। जिससे सेंटर का काफी नुकसान हुआ।
बुधवार को फफूंद थाना में पहुंची ग्राम प्रधान पुष्पा देवी और ग्राम पंचायत अधिकारी संगीता दोहरे ने पुलिस को युवक के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि युवक पहले भी एक बार दीवार गिरा चुका है। उसके विरुद्ध 16 नवंबर को थाने में तहरीर भी दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि प्रार्थनापत्र मिला है। जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।