औरैया। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत चिरूहूली में एक कटखने बंदर से आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। पांच दिनों में यह बंदर 20 से ज्यादा लोगों को काटकर जख्मी कर चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक लगभग पांच दिन पहले यह बंदर गांव में आ गया है, जो आए दिन छोटे-छोटे बच्चों व ग्रामीणो पर अचानक हमला कर घायल कर देता है।
उत्पाती बंदर के आंतक से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। अब तक गांव के सुभी (10), भूरे (15), भावना (8), पंडित सिंह (7), जितेंद्र (12), किशना (9) सहित 20 से ज्यादा लोगों को घायल कर चुका है। घर के बाहर बच्चों का खेलना व इधर-उधर टहलना भी अभिभावकों ने बंद कर दिया है।
गांव के आलोक चतुर्वेदी ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक विभाग के किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी ने गांव में इस बंदर को पकडने की जहमत नहीं उठाई है। इससे ग्रामीणो में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को ग्रामीण इसकी शिकायत डीएम से करेंगे।
बंदर के आंतक से पूरा गांव परेशान है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वन विभाग के रेंजर मुन्ना लाल का कहना है कि बंदर को पकड़वाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले यह बंदर बरम्हूपुर व मधुपुर में भी आंतक मचा चुका है। यहां पर सघन जांच करने पर यह बंदर चिरुहूली पहुंच गया है। मंगलवार को इस बंदर को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।