दिबियापुर। थाना क्षेत्र के गांव ऊमरसाना मोड़ के पास एक गांव के प्रधान व दूसरे गांव के प्रधान पति के बीच वाहन निकालने को लेकर मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की नीयत से फायर भी किया गया।
थाना क्षेत्र के ऊमरसाना के पास एक गांव के प्रधान व दूसरे गांव के प्रधान पति के बीच रविवार दोपहर वाहन निकलने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्रधान का आरोप है कि प्रधान पति ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, हालांकि उनके हट जाने से वह बच गए। आरोप है कि प्रधान पति हिस्ट्रीशीटर का भाई है।
मामले में पुलिस मौके पर पहुंची और हिस्ट्रीशीटर के भाई को हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले भी प्रधान व हिस्ट्रीशीटर के बीच गांव से निकलने के दौरान कई बार कहासुनी हो चुकी है। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।