दिबियापुर। रामगढ़ से बिधूना की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा था। इसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
औरैया से बिधूना की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे के करीब रामगढ़ के भसोरा पुल मोड़ पर अनियंत्रित होकर खड्ड में जाकर पलट गया था। ट्रैक्टर के नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस को सूचना मिली तो सीओ सुरेंद्र नाथ, प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा, उपनिरीक्षक कालीचरण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और जेसीबी से ट्रैक्टर निकलवाया था।
ट्रैक्टर के नीचे दबे मिले मृतक की शिनाख्त श्याम सिंह (45) पुत्र हाकिम सिंह निवासी नगला धौकल कुदरकोट बिधूना के रूप में हुई थी। मृतक के भाई सदन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका भाई रामगढ़ से पैदल गांव आ रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ने उनके भाई को टक्कर मार दी। इससे उनके भाई की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।