अयाना। मुरादगंज-अयाना मार्ग पर नगला रामपुर डड़वारी मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अयाना कस्बा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक भूरे सिंह सेंगर (70) शनिवार सुबह मुरादगंज बाजार गए थे। लौटते वक्त वह खेतों पर जाने के लिए नगला रामपुर डड़वारी मोड़ पर मुड़ रहे थे तभी मुरादगंज के ही तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने की वजह से सिर में गंभीर चोटें आने से वह बुरी तरह घायल हो गए। वहीं बाइक सवार युवक मौके पर बाइक छोड़कर भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी अयाना में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भूरे सिंह की मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंची पत्नी गायत्री देवी, बेटे अवधेश व प्रदीप का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष भागीरथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर बाइकों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
रोती बिलखती मृतक की पत्नी गायत्री देवी। संवाद- फोटो : AURAIYA