औरैया। एरवाकटरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढि़न के भटौरा में बने स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षकों के लिए आवेदन मई में भेजा गया था। इसमें कबड्डी वॉलीबॉल, खो-खो और एथलेटिक्स के कोच की मांग की गई थी। ऐसे में जुलाई में इन खेलों के लिए नए कोच मिलने की उम्मीद है।
स्टेडियम के स्पोर्ट्स अधिकारी संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि इस स्टेडियम का शुभारंभ फरवरी 2024 को हुआ था। वर्तमान समय में यहां पर क्रिकेट, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी व वॉलीबॉल के अधिक खिलाड़ी आते हैं।
इसमें से सिर्फ क्रिकेट और एथलेटिक्स के ही कोच हैं। स्टेडियम में वर्तमान में क्रिकेट के 30 पंजीकृत और एथलेटिक्स में 20 खिलाड़ी हैं। जबकि अन्य खेलों में खिलाड़ी तो बड़ी संख्या में आते हैं, लेकिन कोचों का अभाव है।
ऐसे में पिछले महीने कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स व वॉलीबॉल के लिए खेलों में कोचों की नियुक्ति के लिए खेल निदेशालय को पत्र के माध्यम से सूचित किया गया था। ऐसे में इस बार जेम पोर्टल से विभाग की ओर से नियुक्ति हो रही है। जुलाई तक कोचों की नियुक्ति की संभावना है।