बेला। बिधूना, बांधमऊ के मजरा पुरवा धन्ना स्थित राशन की दुकान पर घटतौली को लेकर कार्ड धारकों ने विरोध किया। हंगामा बढ़ता देख कोटेदार ने गुस्से में पॉस मशीन तोड़ दी। राशन वितरण बंद होने पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को फोन पर कोटेदार की शिकायत की।
पुरवा धन्ना के कोटेदार रामौतार की एक माह पहले मौत हो जाने पर राशन की दुकान माखनपुरवा के कोटेदार बदन सिंह के यहां संबद्ध की गई थी। इसके बाद भी मृतक का पुत्र सुनील कुमार अपने घर से ही राशन का वितरण करता है।
बुधवार को बांधमऊ निवासी अंशु तिवारी राशन लेने गए। आरोप है कि वितरण कर रहे युवक ने उसे दो किलो राशन कम दिया। इस पर अंशु के पिता शैलेंद्र तिवारी ने दुकान पर जाकर विरोध किया। तभी लाइन में लगे अन्य ग्राहक भी प्रतिमाह राशन कम वितरण करने का आरोप लगा हंगामा करने लगे।
इससे नाराज कोटेदार के पुत्र ने पॉस मशीन तोड़कर वितरण बंद कर दिया। गांव के राशन कार्डधारक अरुण कुमार, दिलीप कुमार, गुड्डू, अनुज कुमार, महेंद्र कठेरिया, अरविंद वर्मा, आशिद आदि ने बताया कि डीएम से शिकातय की गई है। डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना संज्ञान में है। मामले की जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।