स्कूल में तिलक लगाकर छात्राओं का स्वागत करते शिक्षक।
- फोटो : स्कूल में तिलक लगाकर छात्राओं का स्वागत करते शिक्षक।
औरैया। गर्मी की छुट्टी खत्म होने के बाद मंगलवार से फिर से सभी शिक्षण संस्थाएं गुलजार हो गईं। करीब डेढ़ महीने की छुट्टियां बिताने के बाद स्कूल पहुंचे बच्चों से वहां की रौनक लौट आई।
स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनका तिलक वंदन कर स्वागत किया। स्कूलों में उन्हें पुराने दोस्त तो मिले ही, साथ ही नए दोस्त पाकर वह फूले नहीं समाए।
मंगलवार से विद्यालय खुले तो नौनिहाल अपने पुराने दोस्तों को दिखाने के लिए खरीदकर लाए उपहार भी अपने साथ स्कूल ले गए। अपने पुराने दोस्तों से मिलकर उन्हें एक-एक करके सारे उपहार दिखाएं और उनके साथ मौज मस्ती भी की।
पूरे दिन भर चहल-पहल रही। स्कूलों में पूरा दिन प्रवेश प्रक्रिया में बीता। अभिभावक भी स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाओं से मिलकर बच्चों के कोर्सों की जानकारी लेते दिखे। कई स्कूलों में कक्षाएं भी लगीं।