फोटो-6-बदहाल सड़क पर निकलते स्कूली बच्चे।संवाद
सहार। शहबाजपुर-नारायनपुर मार्ग से पुरवा वले से कुंवरपुर जाने वाला संपर्क मार्ग 20 सालों से जर्जर हालत में है। इस मार्ग से होकर रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। इस मार्ग की हालत में सुधार न होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदहाल हो जाती है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। यहां दोपहिया वाहनों के गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं। स्थानीय निवासी रामू यादव, रोहित यादव, संदीप दोहरे, मोहन लाल, मोनू, कलावती, राम सिंह व दुर्गा देवी बताते हैं कि यह सड़क लगभग दो किलोमीटर लंबी है। यह शहबाजपुर-नारायनपुर मार्ग को कुंवरपुर गांव होते हुए जमालपुर के रास्ते को जोड़ती है।
लोगों ने बताया कि पिछले 20 वर्षों में इस सड़क की कोई मरम्मत नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।