संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। बरमूपुर में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई अगले सत्र से शुरू होने की संभावना है। इस बीच औरैया-दिबियापुर मुख्य मार्ग से मेडिकल कालेज तक पहुंचने वाले ऊबड़ खाबड़ रास्ते को बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्य सड़क से मेडिकल कालेज होते हुए लगभग चार किलोमीटर लंबा मार्ग लगभग दस करोड़ से बनाने के लिए शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार बरमूपुर में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज तक जाने के लिए बिलरायां पनवाड़ी राजमार्ग पर स्थित औरैया-दिबियापुर मार्ग से बरमूपुर होते हुए सीधा रास्ता है। यह मार्ग कंचौसी के समीप स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के पास से जुड़ता है। वर्तमान में यह ग्रामीण मार्ग है। इसे उच्चीकृत करके सात मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव भेजा गया था। सात मीटर चौड़ा मार्ग बरमूपुर मेडिकल कालेज होते हुए लगभग चार किलोमीटर लंबा बनेगा। इस मार्ग के निर्माण में लगभग दस करोड़ रुपए की लागत आएगी।
शासन से इस मार्ग के लिए वित्तीय संस्तुति मिल गई है। शासन से हरी झंडी और धन आवंटन होते ही निर्माण शुरू हो जाएगा। यहां बता दें कि जिले में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज दो हिस्सों में बन रहा है। दिबियापुर के समीप गांव सेहुद के मजरा बरमूपुर में एकेडमिक हाल, हास्टल आदि का निर्माण चल रहा है। जबकि दूसरा हिस्सा चिचौली में 100 शैय्या अस्पताल के पास बन रहा है। यहां पर 300 बेड का अस्पताल बनाकर तैयार किया जा रहा है।
जून माह में एमबीबीएस की 100 सीटों पर प्रवेश होना था। तैयारियों के क्रम में जूनियर एवं सीनियर रेजीडेंट भर्ती प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हुई थी, लेकिन काफी कार्य अधूरे होने के कारण नेशनल मेडिकल काउंसिल ने मेडिकल कालेज का निरीक्षण नहीं किया। इससे जून माह में मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई। अब सत्र 2024-25 में ही एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है।
कई गांवों के 15 हजार लोगों को मिलेगी राहत
दिबियापुर। कंचौसी से लेकर गांव पुर्वा समाधान के बीच में पडऩे वाले कई गांवों के लोगों को अभी ऊबड़ खाबड़ मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। ग्राम पंचायत सेहुद के पूर्व प्रधान सुदेश राजपूत का कहना है कि इस मार्ग के बन जाने से गांव पुर्वा समाधान, बहादुरपुर, बरमूपुर, अजमतपुर, चमरौआ, जमौली आदि के लगभग 15 हजार ग्रामीणों को भी राहत मिलेगी।
औरैया दिबियापुर मार्ग से बरमूपुर स्थित मेडिकल कालेज होते हुए चार किलोमीटर लंबे मार्ग को टू लेन बनाए जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। लगभग 10 करोड़ से निर्मित होने वाली सड़क के प्रस्ताव को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। शासन से हरी झंडी मिलने एवं फंड आवंटन के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
- अभिषेक यादव, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड औरैया