दिबियापुर। कस्बे में रामनवमी पर रविवार की शाम को पताका के साथ प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा निकली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
जय श्रीराम के उद्घोष से दिबियापुर गुंजायमान हो गया। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। भगवा तिरंगा के बीच लोग जयकारे लगा रहे थे।
शोभायात्रा में खासा उत्साह देखने को मिला। डीजे की धुनों के साथ जय श्री राम का जयकार लगाते हुए शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान राम की झांकी शामिल रही। हाथों में भगवा झंडा लेकर कई लोग बाइकों पर सवार थे, कई पैदल चल रहे थे। मुख्य मार्गों से होते हुए प्राचीन हनुमान मंदिर पर आकर शोभायात्रा समाप्त हुई।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम व माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान व शंकरजी के स्वरूपों की सुंदर झांकियां रहीं। शोभायात्रा में 11 फुट ऊंची भगवान श्रीराम की मूर्ति आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के समापन पर प्राचीन हनुमान मंदिर में दीपोत्सव मनाया गया। रात में दीपों से मंदिर को जगमग किया गया।
इस मौके पर आयोजक आशीष दुबे, गोविंद दुबे, श्रद्धा चौहान, रोहित दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया मौजूद रहे। इनके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, मन मोहन सिंह सेंगर, डीडी तिवारी, अरुण त्रिपाठी, श्रृद्धा चौहान, चन्द्रकांति मिश्रा, धर्मेंद्र गुप्ता, पारसनाथ दुबे, दिबियापुर चेयरमैन राघव मिश्रा के अलावा भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।