चौकियों को आरामगाह बना चुके दरोगाओं पर नकेल कसने को पुलिस महकमे द्वारा नजर रखने को विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जिले की सभी चौकियों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है, जिससे पुलिस कर्मियों के साथ चौकियाें की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
स्थानीय पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने को थानों के बाद अब पुलिस चौकियों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। बढ़ते क्राइम पर कंट्रोल पाने को पुलिस महानिरीक्षक की ओर से दिशा निर्देश जारी कर किए गए हैं। यह तीसरी आंख पुलिस चौकियाें पर तैनात पुलिसकर्मियों पर निगेहवानी रखेगी।
चौकी स्तर पर सुधार एवं चौकियों को आरामगाह बना चुके पुलिसकर्मियों पर नकेल को चौकियों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने की कवायद शुरू कर दी गई है।
कई ऐसी चौकियां संचालित है जिनका कोई अता-पता नहीं है, लेकिन चौकी इंचार्ज तैनात किए गए हैं। अब ऐसे पुलिसकर्मियों को सचेत होना पड़ेगा। ड्यूटी को सही ढंग से अंजाम न देने वाले पुलिसकर्मियों के ऊपर अब गाज भी गिर सकती है।
साथ ही फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता से न लेने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इन सीसीटीवी कैमरों से पुलिस अधीक्षक से लेकर आईजी तक लाइव देखा जा सकेगा।
थानों के साथ ही पुलिस चौकियों की गतिविधियों पर निगाह रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस बाबत संबंधित पुलिस कप्तानों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं। आशुतोष पांडेय आईजी, कानपुर जोन
पुलिस चौकियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना तय की गई है। इस बाबत उन्हें जानकारी तो है, लेकिन अभी तक उन्हें आदेश पत्र प्राप्त नहीं हुआ। मनोज तिवारी, एसपी