मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी सांसद डिंपल यादव ने शुक्रवार को इशारों में शिवपाल सिंह यादव पर जमकर हमला बोला। बिना किसी का नाम लिए कहा कि साजिश ऐसी थी कि भैया (अखिलेश) के पास बस चाबी और भाभी रह जाएं। लेकिन, आप लोगों के सहयोग और तमाम प्रयासों के बाद साइकिल मिली है। यह अखिलेश यादव की फाइनल लड़ाई है। उन्होंने बसपा एवं भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सरकार ने हाथियों को लाइन में खड़ा किया तो दूसरी सरकार ने लोगों को लाइन में खड़ा किया।
कन्नौज सांसद डिंपल यादव ने बिधूना से सपा प्रत्याशी दिनेश वर्मा गुड्डू के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अखिलेश सरकार में खूब विकास के काम हुए। कुछ लोग समाजवादी पार्टी को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मन की बात करने वाले काम की बातें नहीं करते हैं। बसपा और भाजपा मिले हुए हैं। हमारी सरकार ने लैपटाप दिए हैं। आने वाले समय में स्मार्टफोन देने जा रहे हैं। सरकार आने पर हाईस्कूल व इंटर पास छात्राओं को साइकिल देंगे।
इंटर पास युवाओं को नौकरी दी जाएगी। महिलाओं की नौकरी के लिए उम्र सीमा खत्म करेंगे। एक लाख महिलाओं को पेंशन देंगे। नेता जी (मुलायम सिंह) की वजह से एक्सप्रेस-वे दो साल में बनकर तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि एक सरकार ने हाथियों को लाइन से खड़ा किया तो दूसरी सरकार ने लोगों को लाइन में लगा दिया।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव अखिलेश के लिए चुनौती है। अपने भैया को फिर से मुख्यमंत्री बनवा देना। उन्होंने कहा कि लोकसभा जैसी गलती न करना। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर यादव, प्रत्याशी दिनेश वर्मा, लंकी यादव, जिलाध्यक्ष राजेश चौहान, श्याम बाबू यादव ,रचना सिंह सेंगर , सुषमा यादव , नीलम राजपूत, गीता गुप्ता, मान सिंह यादव,शिवनाथ यादव आदि सपा नेता मौजूद रहे।
राजवीर सिंह ने किया स्वागत
अखिलेश यादव के खास माने जाने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर सिंह ने हेलीपैड पर बुके देकर डिंपल यादव का स्वागत किया। डिंपल ने उसने चुनाव की जानकारी ली। सभी से कड़ी मेहनत करने की बात कही।