दिबियापुर तिराहे पर एक मैजिक ने सड़क पार कर रहे पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मैजिक में तोड़फोड़ कर आग लगाने का प्रयास किया और शव सड़क पर रख जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जाम बढ़ता देख पुलिस ने जबरन शव उठवाया।
ग्राम बिरिया निवासी रामलखन (35) पुत्र हरदयाल बुधवार को 15 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र के साथ औरैया आया था। पिता-पुत्र दोनों पैदल वापस गांव जा रहे थे। दिबियापुर तिराहे के समीप सामने से आ रही ने पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से रामलखन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोगों ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों संग दिबियापुर मार्ग पर जाम लगा दिया।
पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नेे पुलिस की नहीं सुनी। दो लाख रुपये की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दो घंटे तक जाम लगाए रखा। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने एक रोडवेज बस चालक से मारपीट कर दी।
सीओ सिटी शिवराज सिंह के समझाने पर जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने जबरन शव को उठाकर वाहन में रख दिया। मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने कोतवाली में मामला पंजीकृत कराया है। पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा है।