औरैया। जल्द ही सदर कोतवाली नए लुक में दिखेगी। इसकी सूरत बनाने पर काम होगा। इस पर 11.26 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने कवायद शुरू कर दी है।
एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि कोतवाली परिसर में बने प्रशासनिक भवन में पीवीसी पैनल का काम 1.57 लाख रुपये से कराया जाएगा। साथ ही महिला शौचालय की 1. 29 लाख से मरम्मत होगी। वहीं, महिला डेस्क में 1.92 लाख रुपये खर्च कर पीवीसी सीट लगाई जाएगी। इसके अलावा अगुष्ठ छाप कार्यालय में 1.79, प्रशासनिक भवन की साइड की दीवारों में 1.39, प्रशासनिक भवन के सामने की दीवार पर 1.55 लाख रुपये खर्च कर एसीपी सीट लगेगी।
प्रशासनिक भवन के सामने की सीलिंग में एसीपी सीट लगाने के लिए 1.75 लाख खर्च किया जाएगा। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया 19 सितंबर को होगी। तीन सितंबर को टेंडर फार्म वितरित किए जाएंगे। इसकी जानकारी के लिए ककोर स्थित पुलिस ऑफिस के प्रधान लिपिक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। एसपी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।