प्रेम प्रसंग के बाद छह साल साथ रही। दो बच्चे पैदा हुए। फिर नए प्रेमी का साथ मिलने पर पिता व भाई संग मिलकर पहले प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरी कहानी सुनी तो उसके भी होश उड़ गए। बाद में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां की तहरीर पर युवती समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह वाकया हुआ दिबियापुर क्षेत्र के हर्राजपुर में।
हर्राजपुर निवासी विमला देवी पत्नी स्वर्गीय बाबूराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसक ा बेटे दिलीप और गांव की ही सीमा के साथ करीब छह साल से रह रहा था। एक बेटा और एक बेटी के पैदा होने के बाद सीमा अपने पिता के घर रहने लगी।
इस बीच सीमा के पिता रामप्रकाश ने उसे 45 हजार में हरतौली निवासी अजीत को बेच दिया। सीमा की पहली शादी रसधान में हुई थी।
ससुराल में पटरी नहीं होने की वजह से वह हर्राजपुर आई और यहां दिलीप के साथ रहने लगी थी। उसने बताया कि गुरुवार दोपहर लगभग 11.50 बजे सीमा ने दिलीप के मोबाइल पर कहा कि वह अपने बच्चों को उसके घर से आकर ले जाए।
फोन के बाद युवक दिलीप ने अपनी मां से बच्चों को लाने जाने की बात कह घर से निकला। पीछे-पीछे मां विमला भी चली गई। लगभग 12.35 बजे दिलीप गांव के छोर पर रहने वाले रामप्रकाश के घर पहुंचा। यहां मौजूद सीमा, रामप्रकाश और अजीत ने दिलीप को पकड़ लिया।
इस बीच सीमा के भाई अनिल ने देशी पिस्टल से दिलीप को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गया।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष केडी यादव घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। सीओ शिवराज सिंह ने थाना पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। दिलीप परिवार में अकेला कमाने वाला था। पिता और भाई की लगभग 10 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी।