बिधूना।
कोतवाली क्षेत्र के गांव विमटामऊ में रविवार की शाम खेत पर बकरी चराने गए एक छह साल की मासूम कुंए में गिर गई। बहन को कुंए में गिरते देख साथ में गई बड़ी बहन व अन्य बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कुंए से बालिका को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बालिका ने दम तोड़ दिया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव विमटामऊ निवासी राजवीर की पुत्री तमन्ना (6) रविवार की शाम घर से करीब पांच सौ मीटर दूर खेत में गांव के बच्चों व अपनी बड़ी बहन सलोनी के साथ बकरियां चराने गई थी। वहीं पास ही मुर्चा गांव निवासी किसान के खेत में कुआं है। तमन्ना अपनी बहन व अन्य बच्चों के साथ वहीं खेल रही थी। तभी अचानक से वह लड़खड़ा कर खेत पर बने कुंए में गिर गई।
तमन्ना को कुएं में गिरते देख साथ में बकरी चराने गए बच्चों व उसकी बड़ी बहन सलोनी वहां से भागकर घर पहुंची। जहां उसने परिजनों को तमन्ना के कुंए में गिरने की सूचना दी। परिजन व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तमन्ना को कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत को लेकर परिजन का हाल-बेहाल रहा।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मुनीश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि मासूम के कुएं में गिरने की सूचना पर पुलिस भेजी गई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम करने मना कर दिया है। शव परिजनों को दे दिया गया।