औरैया।
ट्रांसफार्मर जलने से पूरी रात अंधेरे में गुजारने से आक्रोशित शहर के प्रेमानंद आश्रम की एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने बिजली केंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। इस दौरान महिलाओं ने केंद्र पर मौजूद एसएसओ को जमकर खरी खोटी सुनाईं। महिलाओं के हंगामे की जानकारी मिलते ही जेई ने आनन-फानन में दोपहर को अधिक क्षमता का दूसरा ट्रांसफार्मर रखवाया। रात नौ बजे गई बिजली आपूर्ति शाम चार बजे 16 घंटे बाद बहाल हो सकी। तब जाकर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।
प्रेमानंद आश्रम मोहल्ले में झल्लू के घर के पास रखा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर दो माह पूर्व ओवरलोड के चलते फुंक गया था। इस पर विभाग ने उपकेंद्र की ओर से ट्राॅली ट्रांसफार्मर रखवा दिया। साथ ही अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर स्वीकृति कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इधर शनिवार की रात 9 बजे ब्रह्मनगर मोहल्ले में रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। जिसके चलते बिजली अधिकारियों ने रात 10 बजे प्रेमानंद आश्रम के पास दो माह से लगी ट्राॅली ट्रांसफार्मर को वहां से हटवा कर ब्रह्मनगर मोहल्ले में लगवा दिया।
ट्राॅली ट्रांसफार्मर हटने से प्रेमानंद मोहल्ले में अंधेरा छा गया। जिसके चलते मोहल्ले के लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। मोहल्ले के लोगों ने बिजली अधिकारियों से दूसरा ट्रांसफार्मर रखाने की मांग की। जिस पर अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया, लेकिन दोपहर तक ट्रांसफार्मर लगते न देख मोहल्ले की एक दर्जन से अधिक महिलाएं सीधे बिजली केंद्र पहुंकर लगभग आधा घंटे तक हंगामा काटा, साथ ही जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर रखवाने को कहा।
जेई सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि मोहल्ले में दो माह से समस्या बनी हुई थी। जिसके चलते अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर स्वीकृत कराने की प्रक्रिया की गई थी। ट्रांसफार्मर स्वीकृत हो गया था। उसे आज लगवाना था, तभी महिलाएं भी आ गईं। फिलहाल 100 केवीए के स्थान पर 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रखवा दिया गया है।