औरैया। शहर व कस्बों में रविवार को कई स्थानों से श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान भक्त अबीर-गुलाल उड़ाते हुए डीजे की धुन पर गणपति बप्पा के जयकारे लगा रहे थे। वहीं, पंडालों में श्रीगणेश भगवान की पूजा-अर्चना की जा रही है।
रविवार को शहर के नरायनपुर, होमगंज, आर्यनगर, तिलक नगर समेत कई मोहल्लों में स्थापित श्रीगणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं निकली गईं। इनमें महिलाएं, युवा, बच्चे व बुजुर्ग अबीर-गुलाल से सराबोर थे। यात्राएं विभिन्न मार्गों से होते हुए दिबियापुर रोड स्थित नहर पुल पर पहुंचीं। जहां पुलिस की मौजूदगी में उनका विसर्जन किया गया।
उधर, रुरुगंज, कैथावा व पसुआ आदि ग्रामीण क्षेत्रों में गणेशोत्सव हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यहां सुबह-शाम भजन-कीर्तन हो रहा है। अजीतमल के अष्टविनायक मंदिर पर चल रहे गणेश महोत्सव में सुबह पूजन व शाम की आरती में भीड़ उमड़ी।
पूजन के बाद गणेश जी को मोदक का भोग लगाया गया। यजमानों में अभिषेक त्रिपाठी, प्रियंका त्रिपाठी, कैलाश त्रिपाठी, मिथलेश, दिव्यज्योति मिश्रा, शालिनी मिश्रा, उमाशंकर तिवारी, आशू मिश्रा, शिव प्रताप दुबे, प्रदीप मिश्रा, प्रसंग मिश्रा आदि भक्त मौजूद रहे ।
फफूंद संवाद के मुताबिक होमगंज गल्ला मंडी में गणेश सेवा समिति द्वारा पंडाल में रविवार सुबह भव्य आरती और शाम को भजन संध्या का आयोजन हुआ। आरती के बाद श्रद्धालुओं को खस्ता, हलुवा, केला और पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया।