बिधूना। लाखों रुपये के गबन के मामले में तहसील हवालात में बंद बर्खास्त लेखपाल की गुरुवार को हालत बिगड़ गई। तहसील प्रशासन ने आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। आराम न मिलने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तहसील बिधूना में 14,09436 रुपये के गबन के मामले आरसी जारी होने के बाद फरार चल रहे बर्खास्त लेखपाल अमित कुमार श्रीवास्तव को छह फरवरी को उपजिलाधिकारी हरिश्चन्द्र की टीम ने गिरफ्तार करा तहसील हवालात में 14 दिनों के लिए बंद किया था। गुरुवार को गबन के आरोपी बर्खास्त लेखपाल के अचानक पेट में दर्द व उल्टी होने लगी। जिसके बाद तहसील प्रशासन ने तत्काल सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया गया।
आराम न मिलने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उपजिलाधिकारी हरिश्चन्द्र के बताया कि गबन के मामले में बर्खास्त लेखपाल अमित कुमार को 14 दिन के लिए हिरासत में लिया गया था। तहसील हवालात में बंद थे। अमित कुमार के पेट में दर्द-उल्टी की शिकायत पर उसे पहले सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए रेफर कर दिया गया है।