दिबियापुर (औरैया)। कस्बा के इन्द्रानगर स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार देर शाम कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
इस मौके पर कवि अजय शुक्ला ‘’अंजाम ‘’ को श्रेष्ठ कवि सम्मान से नवाजा गया। उनकी रचना हमारे जिस्म से आती है हिंदुस्तान की खुशबू...खूब सराही गई।
साहित्य उदय फाउंडेशन द्वारा समाजसेवी उदय नारायण द्विवेदी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सपा विधायक प्रदीप यादव ने किया।
कार्यक्रम में फतेहपुर से आए कवि नवीन शुक्ला ने मां शारदा की वंदना सुनाई। कवि अजय शुक्ला ने कहीं गीता महकती है, कहीं कुरआन की खुशबू,हमारे जिस्म से आती है हिंदुस्तान की खुशबू... कविता सुनाई।
दिल्ली के कवि अमर पाल ने मुझे घर में अकेले रहने से अब डर नहीं लगता मगर इक मां न हो फिर घर- घर नहीं लगता... कविता सुनाई। इटावा के गजलकार अशोक यादव ने तू जुबां से नहीं नजरों से जता देता है, तेरा अंदाज तेरे दिल का पता देता है रचना पेश की।
इसके अलावा दीपचंद्र गुप्ता, दीप्ती तिवारी, अनवर हठेला, सृजन शीतल एवं आकांक्षा द्विवेदी आदि कवियों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर वाह-वाही बटोरी। इससे पहले संस्था ने वर्ष 2025 का श्रेष्ठ कवि सम्मान कवि अजय शुक्ला ‘’अंजाम ‘’ को दिया गया।
इसमें 51 हजार रुपये धनराशि की चेक दी गई। इस मौके पर विधायक प्रदीप यादव ने श्रेष्ठ कवि सम्मान के साथ मौजूद कवियों व समाजसेवियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्मृति चिह्न भेंट किए।
कप्तान सिंह पाल, दीपू यादव, अजय पोरवाल, कमलाकांत दीक्षित, गौरव यादव, राहुल दीक्षित, बारेलाल पाल आदि लोग मौजूद रहे।