डॉ. रश्मि गौतम
- फोटो : स्वयं
औरैया। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रश्मि गौतम ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अनूठा नवाचार किया है। उन्होंने डोरी नामक एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चैटबॉट विकसित किया है, जो छात्राओं को बिना इंटरनेट के भी शिक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा।
डॉ. रश्मि गौतम लंबे समय से इस शोध परियोजना पर कार्य कर रही थीं। उनके इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को अधिक सुलभ और आधुनिक बनाना है। यह चैटबॉट न केवल पाठ्य सामग्री से संबंधित सूचनाएं प्रदान करेगा, बल्कि पाठ्यक्रमों पर आधारित ऑडियो और वीडियो लेक्चर भी उपलब्ध कराएगा, जिससे छात्राओं को सीखने में काफी मदद मिलेगी।
इसमें तकनीकी बारीकियों पर बात करें तो डोरी को विकसित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। एआई जेमिनाई और ग्रौक जैसी उन्नत तकनीकों का समन्वय किया गया है। डॉ. रश्मि गौतम की इस पहल को शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम के रूप में देखा जा रहा है। विशेष रूप से उन छात्राओं के लिए यह चैटबॉट एक वरदान साबित होगा, जिन्हें संसाधनों या इंटरनेट की उपलब्धता के कारण अध्ययन में बाधाओं का सामना करना पड़ता है। डॉ. रश्मि गौतम का कहना है कि भविष्य में इस तरह के तकनीकी प्रयोग शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच को नई दिशा देंगे।
डॉ. रश्मि गौतम ने बताया कि वह अछल्दा के कंधिया गांव की रहने वाली हैं। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर की ओर से कैम एआई शोध परियोजना स्कीम के अंतर्गत डोरी: एआई ऑफलाइन फर्स्ट अकादमिक असिस्टेंट फॉर सीएसजेएमयू स्टूडेंट्स नाम के इस चैटबॉट को जेनरेटिव एआई एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज के अंतर्गत अनुशंसा मिली।