फोटो-1- मिट्टी की लेवलिंग करते श्रमिक। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
औरैया। शहर के बीचोंबीच रोडवेज डिपो को संवारने का काम शुरू हो गया है। पालिका की ओर से मिली जमीन पर अब मिट्टी भराव के बाद इंटरलॉकिंग बिछाई जाएगी।
इसके लिए समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। इस काम को लेकर निगम कार्यालय लखनऊ की ओर से तकरीबन 49 लाख भी जारी कर दिए गए हैं।
एक साल पहले जिला प्रशासन ने रोडवेज डिपो के बगल में पेंच कपास की जमीन से अवैध कब्जों को खाली कराया था। यह जमीन पालिका को सौंपी गई थी। सीमित दायरे में हो रहे रोडवेज डिपो के संचालन को बेहतर बनाने के लिए पालिका ने इस बेशकीमती जमीन का कुछ हिस्सा रोडवेज को दे दिया है। ऐसे में रोडवेज की ओर से इस जमीन पर बसों की पार्किंग बना ली है।
बारिश के दिनों में यहां पर जलभराव व कीचड़ की समस्या पनप सकती है। ऐसे में रोडवेज की ओर से निगम कार्यालय को इस जमीन के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे संस्तुति मिल गई है। ठेकेदारों की ओर से इस जमीन पर मिट्टी डलवाई गई है।
जिसका समतलीकरण इन दिनों चल रहा है। इसके बाद बसों की पार्किंग के लिए चिह्नित हुई इस जमीन पर इंटरलॉकिंग भी बिछाई जाएगी। निगम की ओर से जारी हुई तकरीबन 49 लाख की धनराशि से ये काम पूरा कराया जाएगा। ऐसे में डिपो का काफी कुछ कायाकल्प हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
निगम की ओर से बसों के पार्किंग स्थल पर मिट्टी भराव के साथ इंटरलॉकिंग बिछाने की स्वीकृति दी गई है। फिलहाल काम शुरू हो गया है। बारिश से पहले यह काम पूरा हो जाएगा।
-अपर्णा मीनाक्षी, एआरएम रोडवेज डिपो