संवाद न्यूज एजेंसी
सहार। थाना क्षेत्र के गांव पटना में अपनी टेंट की दुकान पर लोहे का पाइप हटाकर रखते समय ऊपर से गुजरी एचटी लाइन में पाइप छू गया। जिससे युवक करंट की चपेट में आने से कई जगह झुलस गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुर्वा तरा पटना निवासी अनमोल 20 पुत्र मूलचंद्र की गांव में ही टेंट की दुकान है। रोज की तरह वह बुधवार सुबह लगभग सात बजे अपनी दुकान पर काम कर रहा था। जहां वह टेंट में लगाए जाने वाले लोहे के पाइप को एक जगह से हटाकर दूसरी जगह रख रहा था। तभी ऊपर से निकली 11 हजार वोल्टेज की लाइन से लोहे का पाइप छू गया।
करंट की चपेट में आने पर अनमोल चीखते हुए वहीं बेहोश होकर गिर गया। चीख सुनकर आसपास दुकानों पर मौजूद लोग दौड़कर जब टेंट की दुकान पर पहुंचे। तो अनमोल बेहोशी की हालत में पड़ा पाया। इस पर उन्होंने तत्काल अनमोल परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने लोगों की मदद से अनमोल को एंबुलेंस से सीएचसी सहार में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने युवक की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया।