विद्युत अधिकारियों की लापरवाही के चलते हाईटेंशन लाइन से छू रही पेड़ों की डालियां किसी बड़ी घटना को दावत देते दिख रही हैं। हालत यह है कि बरसात के दौरान डालियों से छूती लाइनों से निकलती चिंगारियां आम उपभोक्ताओं को दहशतजदां किए हैं। बावजूद इसके विद्युत अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
विद्युत आपूर्ति को असैनी से शहर में आई 33 हजार केवीए की विद्युत सब स्टेशन पहुंची लाइन से निकली 11 हजार केवीए की लाइन शहर में जगह-जगह बिछी हुई है।
खास बात यह है कि शहर में निकली यह लाइनें जगह-जगह पेड़ों की डालियों से सटकर निकली हुई है। इसके चलते आए दिन लोगों के सामने समस्याएं पैदा हो रही हैं।
हालत यह है बरसात के दिनों में यह स्थिति काफी गंभीर हो जाती है। पानी के संपर्क में आने पर लाइन से छूती डालियां चिंगारियां छोड़ने लगती है, जिससे आम उपभोक्ता डरे-सहमे रहते हैं। बावजूद इसके विद्युत अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान देने की जरूरत महसूस नहीं की जा रही है।
इस संबंध में व्यापारी नेता राजेश बाजपेई, अमर विश्नोई, विपिन मित्तल, सतीश वर्मा, श्रीराम पुरवार ने बताया कि विद्युत अधिकारियों से इस बाबत कई बार शिकायत की गई। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
इस संबंध में व्यापारी नेताओं ने अधीक्षण अभियंता केबी गुप्ता से मिलकर पेड़ों की डालियों से छू रही लाइनों को कटवाए जाने की मांग की है।
पेड़ों से छू रही हाईटेंशन लाइन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी कर शहर का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद डालियों को कटवाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। केबी गुप्ता, अधीक्षण अभियंता