बिधूना (औरैया)। कस्बा मोहल्ला नवीन बस्ती पश्चिमी में शुक्रवार की रात एक घर से नाराज होकर निकले चालक को शव फंदे से लटका मिला। घटना घर से करीब 500 मीटर दूर हुई। शनिवार को बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन ने अंतिम संस्कार कर दिया।
कस्बा के किशनी रोड स्थित केनरा बैंक के पीछे रहने वाले दुर्गेश कुमार (38) चालक था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी से नाराज होकर दुर्गेश घर से निकल गया। परिजन का कहना है कि वह जाते समय अपने साथ एक चादर भी ले गया था।
काफी देर तक जब दुर्गेश घर नहीं लौटा तो परिजन को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उनके भाई शिवा और अन्य परिजन उसकी तलाश में निकले। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह बाबूराम मोहनलाल महाविद्यालय के पीछे गोशाला के पास वाली बगिया में पहुंचे तो पेड़ पर चालक का शव फंदे से लटका मिला।
शव देखते ही वहां चीख-पुकार मच गई। परिजन ने रात में ही शव को नीचे उतारा और घर ले आए। शनिवार सुबह बिना पुलिस को सूचित किए और बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन ने नदी पुल के पास अंतिम संस्कार कर दिया। युवक के परिवार में पत्नी रेखा, 15 वर्षीय बेटी पारुल और 12 वर्षीय बेटा युवराज है। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि घटना की कोई सूचना थाने में नहीं दी गई है और न ही इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई की गई है।