दिबियापुर/बेला। ग्रामीणों के हंगामे व अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद विद्युत विभाग ने बेला के बांधमऊ में रविवार को ट्रांसफार्मर बदल दिया गया। वहीं सहायल के देवरी में 10 दिन से खराब ट्रांसफार्मर अब तक ठीक नहीं हुआ। इससे यहां के 25 से अधिक घरों की आपूर्ति ठप पड़ी है।
कैथावा स्थित उपकेंद्र के अंतर्गत गांव बांधमऊ में बिधूना मार्ग के किनारे लगा ट्रांसफार्मर 20 अप्रैल को फुंक गया था। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की व संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को ट्रांसफार्मर के पास प्रदर्शन किया था। इसकी रविवार को खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई।
खबर का असर यह हुआ कि रविवार दोपहर ही अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर बदलकर दूसरा लगा दिया। ग्रामीण शिवम, राम, कल्पना देवी, केतकी देवी, सुनील सविता, हुकुम सिंह, रामजी तिवारी, उपदेश राजपूत व अखिलेश कुमार ने खुशी जताई।
वहीं, सहायल क्षेत्र के गांव देवरी लहरापुर में एक सप्ताह से 10 किलोवाट का खराब रखा ट्रांसफार्मर न बदले जाने से ग्रामवासियों में आक्रोश बढ़ रहा है। आपूर्ति ठप होने से भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल हैं। ग्रामीण मयंक, सर्वेश, संतोष व मनोज आदि ने बताया कि विभाग ने बदलकर दूसरा ट्रांसफार्मर रख दिया था लेकिन अराजकतत्वों ने उसके फ्यूज काट दिए। इससे विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। इस ट्रांसफार्मर से 25 घर प्रभावित हैं।
उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई लेकिन केवल आश्वासन दिया गया है। इससे ग्रामवासी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। इस संबंध में एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि जेई से बोलकर जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक करवाया जाएगा।
फोटो-38-बांधमऊ में नया ट्रांसफार्मर लगाता लाइनमैन।संवाद