विधानसभा चुनाव से पहले जिला पंचायत चुनाव की डुगडुगी बजने वाली है। जिला पंचायत चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार तैयारियां प्रारंभ कर दी।
जिला स्तरीय बैठक कर आज जिला पंचायत के अलग- अलग 23 क्षेत्रों के प्रभारी तय किए गए। इन सभी के संयोजकत्व में आगामी जिला पंचायत चुनाव जीतने की रणनीति बनी।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के अनुसार जिले में 23 क्षेत्रों के अलग- अलग प्रभारी तय किए गए। यह सभी अपने अपने क्षेत्रों में रहकर जिला पंचायत का चुनाव जितवाने का काम करेंगे।
प्रेम कुमार गुप्ता, गिरीश तिवारी, गोविंद सिंह भदौरिया, रमेश चंद्र गुप्ता, डा.घनश्याम सिंह सेंगर, गीता शाक्य, अनिल शुक्ला, डा. केके सिंह, शिव सिंह भारती, लाखन सिंह राजपूत, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष आशाराम राजपूत, विशंभर सिंह भदौरिया, रजनीश पांडेय, जयपाल सिंह पाल, पूर्व प्रधान को अलग अलग क्षेत्रों का प्रभार सौंपा गया।
पदाधिकारियों के अनुसार विभिन्न सीटों पर आरक्षण के बाद स्थिति तय होगी, फिर भी सभी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्रों में जाकर नब्ज टटोलने एवं संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पंचायत चुनाव में पार्टी अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
सभी क्षेत्रों के प्रभारियों की आगामी बैठक 29 जुलाई को होगी, इसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। क्षेत्रीय महामंत्री सुरेश अवस्थी, क्षेत्रीय संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पर्वत सिंह यादव, क्षेत्रीय प्रभारी पंचायत प्रकोष्ठ रमाकांत त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, श्रीराम मिश्रा आदि मौजूद रहे।