औरैया। एनआईए जांच में फंसे सराफा कारोबारी कमलकांत वर्मा के भाइयों के बाद अब मां शांति देवी को भी प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। उनसे गन हाउस के संबंध में पूछताछ की जाएगी। वहीं, दोनों भाइयों ने भी डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के सामने शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत किए।
सराफा कारोबारी कमलकांत वर्मा और उनके भाइयों के आवास व प्रतिष्ठानों पर चार दिसंबर को एनआईए पटना की टीम ने छापा मारा था। यहां से टीम असलहे, दस्तावेज, नकदी व अन्य सामान साथ ले गई थी। इसके बाद भी कई बार एनआईए औरैया आ चुकी है।
मामला असलहा तस्करी से जुड़ा है, ऐसे में जिला प्रशासन ने भी कमलकांत के साथ ही उसके भाई अजयकांत और रविकांत को नोटिस जारी कर शस्त्र लाइसेंस के साथ पेश होने के आदेश दिए थे। वहीं अब कमलकांत की मां शांति देवी को भी नोटिस जारी कर प्रशासन ने पूछताछ के लिए बुलाया है।
दरअसल, कमलकांत के पिता महेश चंद्र वर्मा की मौत के बाद गन हाउस मां शांति देवी के नाम ही स्वीकृत हुआ था। ऐसे में उनसे गन हाउस के संबंध में प्रशासन पूरी जानकारी जुटाएगा। वहीं दूसरी तरफ नोटिस पर कमलकांत के दोनों भाई डीएम के सामने पेश हुए और अपने असलहों और लाइसेंस की जानकारी दी। उन्होंने असलहे एनआईए के कब्जे में होने की बात कही। साथ ही शस्त्र लाइसेंस की प्रतिलिपि उपलब्ध कराई।
इस पर डीएम ने मूल लाइसेंस पेश करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को एक बार फिर दोनों भाइयों ने अपने मूल लाइसेंस अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद पटेल के सामने पेश किए।
निलंबित हो सकते हैं कमलकांत के शस्त्र लाइसेंस
प्रशासन ने कमलकांत को भी जिलाधिकारी के सामने शस्त्र और शस्त्र लाइसेंस के साथ 29 दिसंबर को पेश होने के आदेश दिए थे, लेकिन तय तारीख पर वह नहीं पहुंचे। प्रशासन द्वारा भेजा गया नोटिस उनकी मां शांति देवी ने प्राप्त किया था। ऐसे में प्रशासन उन्हें दूसरा नोटिस भेजने की तैयारी में है। अगर दूसरे नोटिस का भी जवाब नहीं मिला तो कमलकांत के दोनों शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए जाएंगे।