अजीतमल। नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिले तीन साल बीतने को है। योजना के तहत चार करोड़ की ग्रांट भी मिली थी।
इस ग्रांट से कस्बा को पार्कों की सौगात दी जानी थी, लेकिन मिट्टी भराई का कार्य न होने के चलते पार्कों का कार्य अधूरा पड़ा था। नगर पंचायत प्रशासन ने मिट्टी का टेंडर कराया है। इसके बाद काम भी शुरू हो गया है।
नगर पंचायत में मोहल्ला गांधीनगर, सूर्यनगर व विद्यानगर स्थिति अंबेडकर पार्क के पीछे स्थिति तालाबों पर बाउंड्री सहित पार्क निर्माण कराए जाने हैं। गांधीनगर स्थित हाथी राजन से अमलिया मार्ग, आजादनगर में प्राथमिक स्कूल से हाईवे को जोड़ने वाला मार्ग, बाबरपुर स्थिति कब्रिस्तान से श्मशान घाट तक का मार्ग व नगर की रोशनी व्यवस्था का भी काम होना था।
इन कामों के लिए दो-दो करोड़ दो बार में नगर पंचायत को मिले। इस बजट से कस्बा की रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया, लेकिन कस्बे के तीन स्थानों पर बनने वाले पार्काें का निर्माण कार्य तीन साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। मार्च में दूसरी किस्त दो करोड़ की आने के बाद सूर्यनगर व गांधीनगर में पार्क निर्माण ने कुछ गति पकड़ी थी।
इसमें बाउंड्री व तालाब का टैंक तैयार हो गया था, लेकिन मिट्टी भराई का काम रुका था। जिसके चलते दोनों वार्डाें के बनने वाले पार्काें का काम जहां का तहां रुका था। इसे लेकर अमर उजाला ने 12 दिसंबर को खबर प्रकाशित की थी। अब नगर पंचायत ने मिट्टी का टेंडर जारी कर दिया है। ठेकेदारों ने भी काम शुरू कर दिया है। इन दिनों काम चल रहा है।
आदर्श नगर पंचायत के सभी कार्य पूरे हो गए हैं, केवल पार्काें का निर्माण अंतिम दौर में है। मिट्टी भराई का काम चल रहा है। इसे जल्द पूरा कराया जाएगा।
-आशा चक, चेयरमैन नगर पंचायत अजीतमल