बैसुंधरा में बुखार फैलने के बाद मंगलवार को हुई जांच में दो मरीजों को मलेरिया निकला। वहीं 10 में वायरल मिला। रिपोर्ट आने के बाद मलेरिया पीड़ितों को डाक्टरों ने दवाइयां बांटी।
दो दिन पहले ग्राम पंचायत बैसुंधरा के पूर्व प्रधान रणवीर सिंह यादव ने सीएमओ को सूचना दी थी कि गांव में बुखार ने पैर पसार लिए हैं। दो लोगों का कानपुर में डेंगू का इलाज चल रहा है। इस पर मंगलवार को दिबियापुर सीएचसी अधीक्षक डा.जितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची।
यहां 111 मरीजों की जांच कर दवाइयां दीं। जबकि 48 मरीजों के रक्त परीक्षण के लिए स्लाइड बनाई। सीएचसी अधीक्षक डा.जितेंद्र कुमार ने बताया कि खून की जांच के बाद केवल दो मरीजों को मलेरिया निकला है। इसके साथ ही 10 मरीजों को वायरल है। दोनों मरीजों को मलेरिया बुखार से संबंधित दवाइयां दीं जा रही हैं। सीएचसी अधीक्षक डा.जितेंद्र कुमार के अनुसार गांव के लोगों को साफ सफाई रखने एवं आसपास पानी जमा न होने देने के लिए कहा गया है।