औरैया/बिधूना। मई के शुरुआती 12 दिनों में ही मौसम के मिजाज तल्ख हो गए हैं। मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया।
अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। यह सोमवार की तुलना में करीब तीन डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इससे रातें भी अब गर्म होने लगी हैं।
दोपहर के समय 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। भीषण गर्मी के कारण दोपहर में बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दूसरी तरफ अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, डायरिया, तेज बुखार और उल्टी-पेट दर्द की शिकायतों के साथ मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों ने इस मौसम में तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें। धूप में बाहर निकलते समय सिर को सूती कपड़े से ढककर रखें।
-
अभी और बढ़ेगा तापमान
कृषि मौसम वैज्ञानिक राम पलट सिंह के अनुसार, आने वाले दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं है। वर्तमान मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले एक सप्ताह में पारा 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। आसमान साफ रहने और शुष्क हवाएं चलने के कारण लू का असर और बढ़ेगा।