औरैया। हाईस्कूल की परीक्षा को देखते हुए पिता के मोबाइल चलाने से मना करने पर एक 14 वर्षीय किशोर नाराज होकर घर से निकल गया।
काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोर का पता नहीं चला, तो पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बेटे की तलाश कराने की गुहार लगाई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जनेतपुर धौरेरा निवासी चरन सिंह ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा आयुष राजपूत हाईस्कूल का छात्र है। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए सात मार्च को उन्होंने आयुष को मोबाइल चलाने से मना किया था और पढ़ाई पर ध्यान देने की नसीहत दी थी। पिता की यही बात किशोर को नागवार गुजरी।
परिजनों के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे आयुष बिना बताए घर से निकल गया। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन ने अपनी सभी रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा।
थक-हारकर पीड़ित पिता कोतवाली पहुंचा। चरन सिंह ने बताया कि वह गांव में ही टेंट हाउस का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और किशोर की तलाश शुरू कर दी है।